फरीदकोट की 24 साल की अनमोलदीप कौर की कनाडा के विनिपेग में हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण और परिचित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना जता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव डोड निवासी और समाजसेवी संस्था सुखमणि नेत्रदानी क्लब के प्रधान डॉ. जरनैल सिंह ने करीब चार साल पहले अपनी बेटी अनमोलदीप कौर को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजा था। अनमोलदीप की पढ़ाई पूरी हो चुकी थी और उसने PR के लिए आवेदन भी किया हुआ था। मंगलवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
विदेश जाने वाले युवाओं को लेकर जताई चिंता
अनमोलदीप के निधन पर मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह, सोहन लाल शर्मा, जैतो नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह बाबा समेत कई लोगों ने परिवार के साथ दुख जताया।
ग्रामीणों ने कहा कि पंजाब में पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवा विदेश जा रहे हैं। सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
शव भारत लाने के लिए मदद की अपील
परिवार अब अनमोलदीप का शव कनाडा से भारत लाने की तैयारी कर रहा है। ग्रामीणों ने लोगों और सरकार से परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील की है।
अनमोलदीप के पिता डॉ. जरनैल सिंह ने कहा कि बेटी की मौत के बाद उन्हें उसे विदेश भेजने के फैसले पर बेहद अफसोस हो रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश में रहने वाले युवाओं को पढ़ाई, काम, खान-पान और रहने जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बेटी को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है।









