चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर दवाड़ा टनल में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। हादसे की पुष्टि मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने की है।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक पंजाब का था, जिसमें नौ लोग सवार थे, जबकि दूसरे ट्रक में दो लोग मौजूद थे। टनल के अंदर दोनों ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद मंडी-कुल्लू हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।









