पंजाब में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पठानकोट में गुरुवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पंजाब के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।चंडीगढ़ में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
बारिश के चलते पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अब तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया।
इन जिलों में बारिश की संभावना
पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं।वहीं फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मानसून ट्रफ के असर से मौसम सक्रिय
मानसून ट्रफ इस समय फिरोजपुर से होकर उत्तर भारत के कुछ हिस्सों से गुजर रही है। इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम सक्रिय बना हुआ है। कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।









