पंजाब में आज से 3 दिन सरकारी कामकाज ठप, 1 लाख से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर

Government work in Punjab will be halted for three days from today.

पंजाब के सरकारी दफ्तरों में आज से अगले तीन दिन तक कामकाज प्रभावित रहेगा। पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन (PSMSU) ने अपनी मांगों को लेकर राज्यभर में तीन दिवसीय आंदोलन का ऐलान किया है। पहले दो दिन कर्मचारी कलम छोड़ो और कंप्यूटर शटडाउन हड़ताल करेंगे, जबकि तीसरे दिन सामूहिक छुट्टी लेकर चंडीगढ़ कूच करेंगे।

यूनियन ने सभी विभागों के क्लेरिकल स्टाफ से दफ्तरों में मौजूद रहने के बावजूद कोई भी सरकारी काम नहीं करने की अपील की है। यूनियन की टीमें अलग-अलग दफ्तरों में सरप्राइज विजिट भी करेंगी। काम करते हुए पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ यूनियन स्तर पर कार्रवाई और बायकॉट की चेतावनी दी गई है।

1 लाख से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल में शामिल

PSMSU लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के साथ बातचीत कर रही है। यूनियन का कहना है कि कई बार बातचीत और हड़ताल के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया। यूनियन प्रधान विक्की जुनेजा ने कहा कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर हड़ताल को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

क्लेरिकल स्टाफ की हड़ताल का असर सरकारी दफ्तरों में होने वाले कई महत्वपूर्ण कामों पर पड़ सकता है, क्योंकि फाइलों की मूवमेंट और रिकॉर्ड से जुड़े अधिकांश काम इसी स्टाफ के माध्यम से होते हैं।

इन कामों पर पड़ेगा असर

तहसील और पटवार से जुड़े काम: जमीन की रजिस्ट्री, एनओसी, इंतकाल, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र सहित कई दस्तावेजों से जुड़े काम प्रभावित रहेंगे। आवेदनों की वेरिफिकेशन भी नहीं होगी।

RTO से जुड़े काम: ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों का रजिस्ट्रेशन (RC) और फिटनेस सर्टिफिकेट से संबंधित काम प्रभावित होंगे।

सेहत विभाग के काम: सरकारी कर्मचारियों के मेडिकल बिल, दिव्यांग प्रमाण पत्र और फूड सेफ्टी से जुड़े कई कामों पर भी असर पड़ सकता है।

सेवा केंद्रों के आवेदनों की वेरिफिकेशन: सेवा केंद्रों पर आवेदन लिए जाते रहेंगे, लेकिन संबंधित विभागों का क्लेरिकल स्टाफ वेरिफिकेशन नहीं करेगा। इससे आवेदनों की पेंडेंसी बढ़ सकती है।

सेवा केंद्र खुले रहेंगे

हड़ताल के बावजूद सेवा केंद्रों के काउंटर खुले रहेंगे और लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। हालांकि, इन आवेदनों की आगे की प्रक्रिया और वेरिफिकेशन संबंधित विभागों के क्लेरिकल स्टाफ द्वारा की जाती है। ऐसे में हड़ताल के दौरान सेवा केंद्रों पर जमा होने वाले आवेदनों की पेंडेंसी बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *