ख़बरिस्तान नेटवर्क : 15 अगस्त से पहले पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। क्योंकि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI पंजाब को दहलाने की फिराक में है। पर अमृतसर पुलिस ने पाक एजेंसी के इन मंसूबों का नाकाम कर दिया है। अमृतसर से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथियारों समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे गौर करने वाली बात ये है कि आरोपियों में 4 नाबालिग भी हैं।
ISI के इशारों पर कर रहे थे काम
अमृतसर पुलिस के मुताबिक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के समर्थन से संचालित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और पेट्रोल से भरी 4 बोतलें, जिन्हें बम के रूप में इस्तेमाल किया जाना था बरामद की गई हैं।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे ISI हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार इन युवकों को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था।
रेलवे ट्रैक के पास लगाए थे कैमरे
वहीं पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है। आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से रिकॉर्ड की गई फुटेज कथित तौर पर विदेशी ISI हैंडलरों को भेजी जा रही थी, ताकि संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।









