ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और चरणजीत सिंह चन्नी गुट अब खुलकर आमने-सामने आ गए हैं। बठिंडा में एक प्रोग्राम के दौरान कुछ समर्थकों ने चन्नी जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। चन्नी को एक्सपोज़ करने के लिए राजा वड़िंग ने नारे लगा रहे एक समर्थक को ऊपर बुला लिया और फिर कांग्रेस जिंदाबाद नारे लगाने के लिए कहा।
समर्थक के नंबर से चन्नी को कॉल किया
इसके बाद राजा वड़िंग ने चन्नी को एक्सपोज़ करने के लिए समर्थक को कहा कि वह चन्नी को कॉल करे और बताए कि मैं कांग्रेस के प्रोग्राम में गड़बड़ करने के लिए आया हूं। इसके बाद चन्नी का नंबर डायल होने के बाद राजा वड़िंग ने फोन का स्पीकर ऑन कर दिया और माइक के पास ले गए। हालांकि चन्नी ने कॉल नहीं उठाया। जिस पर वड़िंग ने कहा कि इसे मेरा नंबर दे देना, चन्नी बिज़ी होंगे, मुझे कॉल कर लेना।
बघेल गो बैक के पोस्टर भी लगे
वहीं कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा दौरे से पहले उनके विरोध में शहर की सड़कों पर पोस्टर और बड़े फ्लेक्स लगे नजर आए। मुक्तसर राजा वड़िंग का गृह जिला है। श्री मुक्तसर साहिब में लगे पोस्टरों में भूपेश बघेल को ब्रिटिश शासन के अधिकारी जनरल डायर के रूप में दिखाया गया है और नीचे गो बैक बघेल लिखा गया है।









