गुजरात के सूरत स्थित संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की रात लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आग मार्केट में काम करने वाले अकाउंटेंट ने लगाई थी। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय विनोद पंडित सावले के रूप में हुई है।
सूरत क्राइम ब्रांच के मुताबिक, विनोद ने अपने दो पूर्व मालिकों से 10 हजार रुपये के बकाया वेतन को लेकर बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। उसने करीब 150 रुपये का पेट्रोल खरीदा और रात में मार्केट खाली होने का इंतजार किया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे आरोपी ने दुकानों के बाहर रखे कपड़ों के पार्सलों पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। आग तेजी से फैलने के कारण मार्केट की 14 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं, जिससे कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
30 हजार रुपये थी सैलरी, 10 हजार रुपये थे बकाया
क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि विनोद ने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट की जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट की नौकरी शुरू की थी। उसे दोनों दुकानों से कुल 30 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था।
आरोपी का दावा है कि काम को लेकर मालिकों से विवाद के बाद उसने अगस्त में नौकरी छोड़ दी। नौकरी छोड़ने के बाद उसे 20 हजार रुपये दिए गए, जबकि करीब 10 हजार रुपये बाकी थे। कई बार मांगने के बावजूद पैसे नहीं मिलने पर उसने गुस्से में आग लगाने की योजना बनाई।
14 दुकानदारों को 24 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 8 सितंबर की रात पेट्रोल खरीदा और मार्केट की सीढ़ियों में बैठकर खाली होने का इंतजार किया। मार्केट खाली होने के बाद उसने कपड़ों के पार्सलों में आग लगा दी।
आग इतनी तेजी से फैली कि 14 दुकानदारों को 24 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की।
वारदात के बाद पत्नी-बच्चे के साथ भागा
आग लगाने के बाद विनोद ने अगले दिन सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर घटना की खबर देखी। जब उसे पता चला कि उसके खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है और CCTV के जरिए उसकी पहचान हो गई है, तो वह डर गया।पुलिस के मुताबिक, उसने मोबाइल फोन बंद किया और पत्नी व बच्चे के साथ पहले राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर और फिर अयोध्या चला गया। रविवार को सूरत लौटने के बाद मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।









