पंजाब : 15 अगस्त से पहले बम धमाके की धमकी, CM भगवंत मान और राज्यपाल को निशाना बनाने का दावा

Punjab: Threat of a bomb blast ahead of August 15

लुधियाना में स्वतंत्रता दिवस से पहले धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। लुधियाना जिला अदालत, चंडीगढ़ प्रशासन और ई-कोर्ट सिस्टम से जुड़े ईमेल पते पर सोमवार सुबह एक धमकी भरा मेल भेजा गया। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को 15 अगस्त तक बम धमाके में निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

ईमेल सुबह करीब 8:57 बजे भेजा गया। इसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी (KNA) और बब्बर खालसा के नाम का इस्तेमाल करते हुए पंजाब में हथियारबंद संघर्ष शुरू करने का दावा किया गया है।

लुधियाना कोर्ट और विधानसभा को धमाके की धमकी

मेल में अलग-अलग स्थानों पर धमाके के समय का भी उल्लेख किया गया है। इसमें लुधियाना जिला अदालत, पंजाब विधानसभा और राज्यपाल को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। हालांकि, इन दावों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है।

ईमेल में आम आदमी पार्टी सरकार और उसके मंत्रियों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। साथ ही बेअदबी और संविधान से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया गया है।

15 अगस्त को फिरोजपुर में बड़े धमाके की धमकी

धमकी भरे ईमेल में 15 अगस्त को होने वाले सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों को लेकर भी डर फैलाने की कोशिश की गई है। इसमें लोगों और अभिभावकों को बच्चों को कार्यक्रमों में न भेजने की चेतावनी दी गई है। साथ ही फिरोजपुर में बड़े धमाके का दावा किया गया है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

धमकी मिलने के बाद लुधियाना कोर्ट समेत राज्य के महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल ईमेल की जांच कर रही है और इसके स्रोत व तकनीकी जानकारी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ईमेल में किए गए दावों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *