जालंधर में आवारा कुत्तों का आतंक, स्कूटी सवार मां-बेटे पर झुंड ने किया हमला

Stray dog ​​menace in Jalandhar: Pack attacks mother and son on a scooter.

जालंधर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। न्यू कमल विहार इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने स्कूटी सवार मां-बेटे पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों से बचने की कोशिश में स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, जीटीबी नगर की रहने वाली अकालदीप कौर अपने नर्सरी में पढ़ने वाले बेटे जसकीरत को इनोसेंट हार्ट स्कूल से छुट्टी के बाद लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान न्यू कमल विहार में करीब 4 से 5 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक दोनों को घेर लिया और उन पर झपट पड़े। हमले के दौरान स्कूटी गिरने से मां-बेटे घायल हो गए।

मासूम जसकीरत को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सिर पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है स्थानीय निवासी रॉकी सहदेव के मुताबिक, इलाके में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं और आए दिन राहगीरों पर हमला करते हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिविल अस्पताल की एंटी-रेबीज वैक्सीन ओपीडी में रोजाना करीब 140 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 25 से 30 मरीज नए डॉग बाइट के मामले होते हैं।

वहीं, आम आदमी क्लीनिकों में भी रोजाना एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है।आवारा कुत्तों की समस्या पर नगर निगम की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है। सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू के मुताबिक, डॉग पॉन्ड में नए कैनाल के निर्माण की रफ्तार बेहद धीमी है। काम में लापरवाही को लेकर ठेकेदार को पहले ही दो कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद काम में कोई सुधार नहीं हुआ। अब नगर निगम की ओर से संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *