ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर निकले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थक पर चंडीगढ़ पुलिस ने अब एक्शन लिया है। चंडीगढ़ पुलिस ने विधायक मनप्रीत अयाली समेत 14 प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज की है। पुलिस ने बैरिकेड तोड़ने, पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं।
सरकारी संपत्ति को नुकसान का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 223 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।
बंदी सिखों की रिहाई को लेकर था प्रदर्शन
दरअसल खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थकों ने 29 जुलाई बुधवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी चंडीगढ़ में सीएम भगवंत मान के सरकारी आवास के करीब तक पहुंच गए थे। इसके उन्होंने वाटर कैनन पर भी कब्जा कर लिया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। इसी को लेकर पुलिस ने एक्शन लिया है।









