जालंधर में श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले को लेकर 1500 पुलिसकर्मी तैनात, कल जिले में छुट्टी

1,500 police personnel deployed in Jalandhar for the Shri Siddha Baba Sodal Fair

श्री सिद्ध बाबा सोढल महाराज के मेले को लेकर जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 25 सितंबर को श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में होने वाले धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए हैं।

1500 पुलिसकर्मी तैनात

पुलिस की ओर से करीब 1500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मंदिर के सामने कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जाएगी। पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों के साथ निगरानी पोस्ट, क्यूआरटी, एंटी-सबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड तैनात किए गए हैं। मंदिर परिसर में मेटल डिटेक्टर और जैमर भी लगाए गए हैं।सुरक्षा के लिए बॉडी कैमरों से लैस पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सिविल कपड़ों में भी कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जाएगी।

मेले के लिए ट्रैफिक व्यवस्था भी बदली

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंदिर के आसपास कुछ इलाकों को नो-एंट्री जोन बनाया गया है, जहां वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को पैदल ही जाना होगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया है।

कल जालंधर में छुट्टी

श्री सिद्ध बाबा सोढल महाराज के मेले को देखते हुए 25 सितंबर को जालंधर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन जिले के स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा पुलिस के निर्देशों के अनुसार आवाजाही करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *