ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में सरकार और सरकारी कर्मचारियों का विवाद थमने का नहीं ले रहा है। आज पंजाब साझा मुलाजिम मंच की अगुवाई में राज्य के क्लेरिकल स्टाफ सामूहिक छुट्टी पर चले गए हैं। सरकारी कर्मचारी अपनी 14 मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
काले कपड़े पहनकर भूख हड़ताल करेंगे
दरअसल सरकारी कर्मचारी अपनी पुरानी पेंशन योजना लागू करने, DA की बकाया राशि जारी करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत 14 मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं। इस विरोध के साथ ही कर्मचारी मोहनजीत पर हुए हमले को लेकर काले कपड़े पहनकर भूख हड़ताल करेंगे।
कैबिनेट मंत्री पहले ही दे चुके हैं वार्निंग
आपको बता दें कि कर्मचारियों की हड़ताल से पहले ही कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा कर्मचारियों को वार्निंग दे चुके थे। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ी तो सरकार कानून के मुताबिक अपनी कार्रवाई करेगी। इसलिए कर्मचारियों को हड़ताल छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।
85 हजार कर्मचारियों का बढ़ाया जा चुका है DA
उन्होंने आगे कहा था कि जुलाई 2020 के बाद भर्ती हुए 85 हजार कर्मचारियों का डीए 42% से बढ़ाकर 60% किया गया है, जबकि बाकी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान वेतन देने का प्रस्ताव है। कर्मचारियों के बकाये से सरकार ने इनकार नहीं किया है और भुगतान के लिए योजनाबद्ध ढांचा तैयार किया गया है।









