ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब बंद के बीच भाजपा के चंडीगढ़ ऑफिस को धमकी भरी मेल भेजी गई है। धमकी में लिखा है कि 21 अगस्त को बंद के दौरान खुले रहने वाले शहरों में ब्लास्ट करवाए जाएंगे। इसके साथ ही ई-मेल में ‘21 अगस्त पंजाब बंद’ और ‘31 अगस्त स्कूल बंद’ जैसे संदेश लिखे गए हैं। भाजपा स्टेट ऑफिस चंडीगढ़ के आधिकारिक ई-मेल पर यह संदेश भेजा गया।

बंद के दौरान खुले शहरों में ब्लास्ट की धमकी
ई-मेल में 21 अगस्त को पंजाब बंद रखने की मांग की गई है। साथ ही धमकी दी गई है कि जिन शहरों में बंद नहीं होगा, वहां बम धमाके किए जाएंगे। संदेश में 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की अपील भी की गई है।धमकी भरे ई-मेल में पंजाब के डीजीपी के नाम का भी जिक्र किया गया है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
जांच एजेंसियां मेल भेजने वाले की पहचान और उसके सोर्स का पता लगाने में जुटी हैं। ई-मेल में किए गए दावों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी संगठन से जुड़ा है या फर्जी पहचान के जरिए यह संदेश भेजा गया है। फिलहाल ई-मेल में दी गई धमकियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।









