जालंधर के CT Institute में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, एक-दूसरे को मारे बैट और रॉड; कई जख्मी

जालंधर स्थित CT इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में बिहार और कश्मीर के छात्रों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच डंडे, क्रिकेट बैट और लोहे की रॉड तक चल गए। उपद्रव के दौरान हॉस्टल के कमरों में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे खिड़कियों के कांच चारों तरफ फैल गए। घटना के बाद पूरे कैंपस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके तुरंत बाद प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद करके पुलिस को सूचित किया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर स्थित CT इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में बिहार और कश्मीर के छात्रों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच डंडे, क्रिकेट बैट और लोहे की रॉड तक चल गए। उपद्रव के दौरान हॉस्टल के कमरों में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे खिड़कियों के कांच चारों तरफ फैल गए। घटना के बाद पूरे कैंपस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके तुरंत बाद प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद करके पुलिस को सूचित किया।

खाने की खराबी से शुरू हुआ विवाद
विवाद की मुख्य वजह कैंटीन के खाने को लेकर बताई जा रही है। बिहार के छात्रों का आरोप है कि दो दिन पहले उनके खाने में एक टेबलेट और उसका रैपर मिला था, जिसकी शिकायत उन्होंने प्रबंधन और कैंटीन संचालक से की थी। सुनवाई न होने पर छात्र दो दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पीड़ित छात्रों का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कश्मीरी छात्रों ने गाली-गलौज की, जिससे कहासुनी मारपीट में बदल गई। हालांकि, कुछ असमाजिक तत्वों ने इसे धार्मिक रंग देने की भी कोशिश की, लेकिन समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस पूरे मामले में शामिल अधिकांश छात्र फर्स्ट ईयर के हैं, जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच है।

हमले में कई छात्र घायल, पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस हिंसक झड़प में बिहार के 5 से 6 नाबालिग छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक छात्र के सिर पर गहरी चोट आई है, जो गमछा बांधकर दर्द से कराहता दिखा, जबकि एक अन्य छात्र का पैर टूट गया है। घटना के सामने आए वीडियो में पुलिस अधिकारी छात्रों को शांत कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर से कश्मीरी छात्र ईंट-पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। एक छात्र को पुलिस से यह कहते सुना जा सकता है कि सर, आपके सामने ईंटें चल रही हैं, जिस पर कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने विवशता जाहिर की।

पुलिस का बयान और हिंदू संगठनों का जमावड़ा
घटना की सूचना मिलते ही देर शाम बजरंग दल और स्थानीय हिंदू नेता इंस्टीट्यूट पहुंचे, लेकिन पुलिस ने किसी को भी अंदर जाने से रोक दिया। फोन पर बातचीत में एक छात्र ने बताया कि अंदर बाउंसर तैनात कर दिए गए हैं और उन्हें बाहर नहीं आने दिया जा रहा। उधर, थाना-5 पुलिस और एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने डंडे-बैट से हमले की बात से इनकार करते हुए कहा कि विवाद केवल खाने में टेबलेट निकलने को लेकर हुआ था, जिसे मौके पर पहुंचकर सुलझा लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

पंजाब बंद के कारण आज संस्थान रहेगा बंद
कैंपस में उपजे तनाव और पंजाब बंद के आह्वान को देखते हुए CT इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने अगले दिन के लिए छुट्टी का आधिकारिक मैसेज जारी कर दिया है। संदेश में स्पष्ट किया गया है कि संस्थान पूरी तरह बंद रहेगा और केवल जरूरी कार्यों के लिए तैनात स्टाफ ही कैंपस में मौजूद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *