ख़बरिस्तान नेटवर्क : हरियाणा के दादरी शहर में थाने के सामने ही ब्लैक स्कॉर्पियों में सवार 7 लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधंधु फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। जिसके बाद घायलों को सिविल अस्पताल लेकर जाया गया। जहां उनकी हालत को देखते हुए PGI रेफर कर दिया गया है।
थाने के सामने ही मारी गोलियां
जानकारी के मुताबिक सिटी थाने के ठीक बाइक पर सवार 3 हमलावर आए। जैसे ही स्कॉर्पियो गाड़ी रुकी तो उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब 30 राउंड गोलियां चलाकर ब्लैक स्कॉर्पियो को पूरी तरह से छलनी कर दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गैंगवार मान रही है पुलिस
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियों में सवार लोग कोर्ट में पेशी भुगतने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग की गई है। वहीं इस मामले को पुलिस गैंगवार मान रही है। हालांकि पुलिस का इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि गोलीबारी की वजह की जांच जारी है।









