महिलाओं को फ्री iPhone देने की तैयारी में ‘राजा दी किंग’, WhatsApp ग्रुप से होगा लकी ड्रॉ

'Raja Di King' gearing up to give away free iPhones to women

चंडीगढ़ में पेट्रोल का लंगर लगाने के ऐलान के बाद चर्चा में आए कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ अब महिलाओं को फ्री iPhone देने की योजना को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं और युवतियों के लिए एक WhatsApp ग्रुप बनवाया है।

इस योजना में शामिल होने के लिए महिलाओं को दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन करना होगा। इसके बाद उनका नंबर WhatsApp ग्रुप में जोड़ा जाएगा। ग्रुप में शामिल होने के बाद उन्हें ‘जय माता दी’ लिखना होगा।

राजा दी किंग के मुताबिक, कुछ दिनों बाद लकी ड्रॉ की तारीख और कुल कितने iPhone दिए जाएंगे, इसकी घोषणा की जाएगी। उनकी योजना के अनुसार रोजाना करीब 5 लकी ड्रॉ निकाले जा सकते हैं।

ऐसे होगा लकी ड्रॉ

लकी ड्रॉ के दौरान WhatsApp ग्रुप में शामिल महिलाओं की सूची को मोबाइल स्क्रीन पर स्क्रॉल किया जाएगा। स्क्रीन जिस महिला के नाम और नंबर पर रुकेगी, उसे विजेता माना जाएगा और उसे iPhone दिया जाएगा। उनका दावा है कि ड्रॉ में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा।

पेट्रोल के लंगर के कूपन बांटने का दावा

इससे पहले राजा दी किंग ने चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में पेट्रोल का लंगर लगाने का ऐलान किया था। हालांकि, भारी बारिश और पुलिस कार्रवाई के कारण यह अपने घोषित रूप में नहीं लग सका। अब उनका दावा है कि लोगों को 500 और 1,000 रुपये तक के पेट्रोल कूपन दिए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन कूपनों के इस्तेमाल के लिए चंडीगढ़ प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। अगर अनुमति नहीं मिलती तो मंदिरों और गुरुद्वारों में जाकर लोगों को कूपन बांटने की योजना है।

राजा दी किंग का कहना है कि कभी उनके पास एक रुपया भी नहीं था और आज जो कुछ उनके पास है, वह माता रानी की कृपा से है। इसी भावना के तहत वह लोगों के लिए पेट्रोल कूपन और महिलाओं के लिए iPhone लकी ड्रॉ की योजना चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *