पंजाब में आज भी बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में भारी बारिश के आसार

Rain alert in Punjab today as well; heavy rainfall expected in four districts.

जालंधर और पठानकोट में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

वहीं, पंजाब के कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम में बदलाव के चलते चंडीगढ़ के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को पंजाब में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून ट्रफ इस समय अमृतसर से होकर गुजर रही है, जिससे पंजाब में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके अलावा उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से आज पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *