पंजाब कांग्रेस को मिला नया सरदार, परगट सिंह को पार्टी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

कांग्रेस ने जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसी के साथ अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल समाप्त हो गया। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भी नेतृत्व परिवर्तन करते हुए आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। दोनों राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

राजा वड़िंग ने राहुल गांधी को सौंपा इस्तीफा

परगट सिंह की नियुक्ति से पहले ही शुक्रवार को लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। वड़िंग ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंपा। इसके बाद कांग्रेस ने परगट सिंह को प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी दे दी।

सचिन पायलट को लेकर वड़िंग ने कही थी बात

इस्तीफे के बाद राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट की भूमिका को लेकर भी बयान दिया। वड़िंग ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा कि सचिन पायलट उन्हें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाना चाहते थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास इस संबंध में कोई ठोस सबूत नहीं है। वड़िंग के मुताबिक, उनकी सचिन पायलट से केवल एक बार मुलाकात हुई थी और दिल्ली में उन्होंने पायलट को जन्मदिन की बधाई दी थी।

2027 चुनाव से पहले दोनों राज्यों में बदलाव

पंजाब और उत्तर प्रदेश दोनों में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। पंजाब में परगट सिंह और उत्तर प्रदेश में आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश संगठन की कमान सौंपे जाने को चुनाव से पहले कांग्रेस के बड़े संगठनात्मक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में आराधना मिश्रा के साथ इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *