पंजाब-चंडीगढ़ में कमजोर पड़ा मानसून, 9 जिलों में बारिश की संभावना; तापमान बढ़ा

Monsoon weakens in Punjab and Chandigarh; rain likely in 9 districts; temperatures rise.

पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, राज्य के तापमान में एक दिन में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को पंजाब के 9 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

चंडीगढ़ में भी बारिश के आसार

चंडीगढ़ में मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सोमवार को बारिश नहीं होने के कारण तापमान बढ़ने के साथ गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

पंजाब में सोमवार को फिरोजपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में 239.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

अमृतसर से गुजर रही मॉनसून ट्रफ

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, मॉनसून ट्रफ इस समय अमृतसर से होकर गुजर रही है, जिसके चलते पंजाब में बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इसके अलावा उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *