उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जेवर एयरपोर्ट से करीब 2 किलोमीटर दूर एक प्राइवेट स्लीपर AC बस में अचानक आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब साढ़े 9 बजे महोबा के लिए निकली थी। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। रात करीब 12 बजे बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट में आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू टीम ने खिड़कियां तोड़कर 20 से ज्यादा यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। करीब 2 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला।
बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह को लेकर शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट की बात सामने आई है। वहीं, बस में पटाखे होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही आग की सही वजह स्पष्ट होगी।
हादसे में बस पूरी तरह जल गई। मृतकों के शव भी बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान में परेशानी हो रही है। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है।वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।









