जेल ब्रेक की बड़ी वारदात, पुलिसकर्मियों पर हमला कर 17 कैदी भागे, 17 स्पेशल टीमें गठित

Major jailbreak: 17 prisoners escape after attacking police personnel.

तमिलनाडु से बड़ी खबर सामने आई है, जहां थेनी जिले की एक सब-जेल में पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद 17 कैदी फरार हो गए। सोमवार देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 4 फरार कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी 13 कैदियों की तलाश जारी है। उन्हें पकड़ने के लिए 17 विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, सभी 17 कैदी जेल की एक ही सेल में बंद थे। रात के समय जेल कर्मचारियों को सूचना मिली कि एक कैदी की तबीयत खराब हो गई है। जब कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी सेल का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे, तो कैदियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

हमले में 3 पुलिसकर्मी घायल

इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी भी शामिल हैं, जिनके सिर में चोट आई है। उन्हें जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दो अन्य जेल कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं।

16 जगहों पर चेकपोस्ट, वाहनों की जांच जारी

कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने मदुरै, डिंडीगुल और केरल के इडुक्की जिले के अधिकारियों को भी सूचना दी है। फरार कैदियों की तस्वीरें सभी संबंधित पुलिस थानों में साझा की गई हैं।

1995 की घटना की आई याद

तमिलनाडु में कैदियों के फरार होने की इस घटना की तुलना 1995 की एक बड़ी घटना से की जा रही है। उस समय वेल्लोर किले के अंदर बने विशेष हिरासत शिविर से लिट्टे (LTTE) संगठन के 43 संदिग्ध सुरंग बनाकर फरार हो गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उस सुरंग की लंबाई करीब 153 फीट थी।

फिलहाल, पुलिस की कई टीमें फरार कैदियों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *