लुधियाना में इंसानियत दिखाना पड़ा भारी! युवक को बचाने वाले परिवार के घर में घुसकर हमला

लुधियाना के गोपाल नगर इलाके में एक राहगीर को बदमाशों की पिटाई से बचाना परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि 15 से ज्यादा हथियारबंद हमलावरों ने परिवार के घर में घुसकर सदस्यों के साथ मारपीट की।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के गोपाल नगर इलाके में एक राहगीर को बदमाशों की पिटाई से बचाना परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि 15 से ज्यादा हथियारबंद हमलावरों ने परिवार के घर में घुसकर सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान 6 से 7 हजार रुपये लूटने और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। मामले में हैबोवाल थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काली माता मंदिर के पास युवक को पीट रहे थे बदमाश
पीड़ित राजेश शर्मा उर्फ राजू पंडित मल्हार रोड स्थित बसंत आइसक्रीम की ब्रांच में मैनेजर के तौर पर काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि घटना से पहले काली माता मंदिर के पास कुछ लोग एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे।

इसी दौरान मारपीट कर रहे लोग उनकी गाड़ी के पास पहुंच गए। युवक को पिटता देख राजेश शर्मा गाड़ी से नीचे उतरे और बदमाशों को पीछे धकेलकर उसे बचाने की कोशिश की। इस दौरान पीड़ित युवक उनके पीछे छिप गया और मौका मिलते ही वहां से भाग निकला।

युवक के भागने से गुस्साए हमलावरों ने की गाली-गलौज
शिकायत के मुताबिक, युवक को बचाने से नाराज आरोपियों ने राजेश शर्मा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और मामला शांत करा दिया। उस समय विवाद खत्म होता दिखाई दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद मामला और बढ़ गया।

घर में घुसकर परिवार से मारपीट, कार में भी तोड़फोड़
आरोप है कि बाद में 15 से ज्यादा हथियारबंद लोग राजेश शर्मा के घर पहुंच गए। हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान 6 से 7 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया गया है। इतना ही नहीं, हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी कार को भी निशाना बनाया और उसमें तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। राहगीर को बचाने के लिए शुरू हुआ विवाद अब घर में घुसकर मारपीट और कथित लूटपाट के मामले तक पहुंच गया है।

5 नामजद समेत 10-12 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
मामले की शिकायत मिलने के बाद हैबोवाल थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *