लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर हुए प्रदर्शन और हिंसा के बाद मामला गरमा गया है। आज पंजाब के DGP गौरव यादव खुद LPU पहुंचे और हालात का जायजा लिया।DGP ने पुलिस अधिकारियों को हिंसा और कानून-व्यवस्था खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के बीच आज फिर बैठक होगी। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनी जाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।DGP के मुताबिक, देर रात कुछ लोगों ने माहौल खराब किया और पुलिस व मीडिया की गाड़ियों पर पथराव किया। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
DGP ने छात्रों, मीडिया और आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही असत्यापित अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर भरोसा न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें।
वहीं, इसी बीच पंजाब महिला आयोग ने भी LPU मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने कपूरथला के DC और SSP से FIR की कॉपी, SIT की जानकारी और अब तक हुई जांच की रिपोर्ट तलब की है।इसके अलावा, आयोग ने यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की भी जानकारी मांगी है।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच हॉस्टल प्रबंधन व अन्य मांगों को लेकर जारी गतिरोध को सुलझाने के लिए बैठकों का दौर जारी है। पुलिस का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है।
उधर, हिंसक प्रदर्शन के बाद LPU ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लासेज सस्पेंड कर दी हैं। बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। LPU और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवा भी बंद की गई है।वहीं, छात्रों के प्रदर्शन के कारण 15 घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रहा NH-44 पर यातायात अब बहाल कर दिया गया है।









