जालंधर में झमाझम बारिश, पंजाब के 13 जिलों में अलर्ट

पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के 13 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के 13 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जालंधर समेत कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। जालंधर में सुबह से झमाझम बारिश होने के कारण मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

13 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अमृतसर, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, तरनतारन, पठानकोट, गुरदासपुर, रूपनगर, मोहाली, बठिंडा और बरनाला में आज हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। रविवार को भी पंजाब के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण पंजाब में बादल बन रहे हैं, जिसके चलते कई इलाकों में बारिश की स्थिति बनी हुई है।

मानसून की वापसी जारी, हवाओं से बदलेगा मौसम
पंजाब और चंडीगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी जारी है। मानसून की वापसी की रेखा इस समय गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी आज से सक्रिय हो सकती हैं। इनके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट
बादल छाने और हिमाचल प्रदेश में बारिश का असर पंजाब के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.9 डिग्री नीचे पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान रूपनगर में 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *