ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के बूटा मंडी इलाके में दिनदहाड़े हत्या की वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार ने हमलावरों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के रूप में बताई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
पहले एक युवक पर हुआ था हमला, हालत गंभीर
परिवार के एक सदस्य ने बताया कि कुछ समय पहले एक युवक पर भी हमला किया गया था। हमले के दौरान उसके गले पर किसी तेजधार चीज से वार किया गया था। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों की ओर से करवाए गए सिटी स्कैन में उसकी हालत गंभीर पाई गई। बताया गया कि हमले में उसकी सांस की नली को नुकसान पहुंचा है। डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी थी।
परिवार का आरोप है कि इस मामले में भी अजय क्लेर का नाम सामने आया था। उनका कहना है कि इलाके के लोगों को भी पता है कि आरोपी नशे का आदी है और पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। परिवार ने सवाल उठाया कि बार-बार ऐसी घटनाओं के बावजूद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
यू-टर्न लेते ही पिता पर किया हमला
मृतक के बेटे रोहनप्रीत ने बताया कि उसके पिता सतपाल उसके साथ एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। रास्ते में जब उसने एक्टिवा से यू-टर्न लिया तो इसी दौरान अजय ने उसके पिता पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने सतपाल की गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। हमला होते ही उसने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी, लेकिन मौके पर कोई भी उनकी सहायता के लिए आगे नहीं आया। गंभीर चोटें लगने के कारण उसके पिता की मौत हो गई।
परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
घटना के बाद परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। परिजनों का आरोप है कि वारदात की सूचना देने के बावजूद थाना-6 की पुलिस मौके पर देरी से पहुंची। परिवार ने कहा कि इलाके में पहले भी आरोपी की ओर से हमले किए जाने की बातें सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके।
पुलिस ने बरामद किया छुरी, जांच शुरू
मामले की जानकारी देते हुए थाना-6 के प्रभारी रवि ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक के बेटे के बयान दर्ज करने के बाद उनके आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।









