ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने पदभार संभालने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कारोबारियों को मिल रही धमकी और फिरौती की कॉल्स, नशा तस्करी, अवैध हथियारों और युवाओं के अपराध की दुनिया में जाने जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी बात रखी। सीपी ने भरोसा दिलाया कि जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में अपराध व तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसका असर जल्द ही दिखाई देगा।
विदेशों से आ रही धमकी भरी कॉल्स पर एजेंसियां गंभीर
कारोबारियों को विदेशों में बैठे अपराधियों की ओर से मिल रही धमकी और फिरौती की कॉल्स पर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि ऐसे अपराधी वर्चुअल नंबरों और आधुनिक तकनीक का गलत इस्तेमाल करते हैं। उन्हें लगता है कि विदेश में बैठकर वे कानून की पकड़ से बाहर रहेंगे। हालांकि, भारत सरकार और विभिन्न जांच एजेंसियां इस चुनौती से निपटने के लिए गंभीरता से काम कर रही हैं। यह मामला हर स्तर पर उठाया जा चुका है।
ड्रोन से होने वाली तस्करी पर भी रहेगी नजर
अमृतसर में पुलिस कमिश्नर रहते हुए अपने अनुभव साझा करते हुए भुल्लर ने कहा कि सीमा पार से होने वाली तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी को रोकने के लिए पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के एंटी-ड्रोन सिस्टम सक्रिय हैं। जालंधर और आसपास के इलाकों में भी पुलिस की पूरी टीम के साथ मिलकर अपराध और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
युवाओं से बोले- रातोंरात अमीर बनने के लालच में बर्बाद न करें जिंदगी
युवाओं के नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने पर पुलिस कमिश्नर ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कम मेहनत में ज्यादा पैसा कमाने और रातोंरात अमीर बनने का लालच कई युवाओं को गलत रास्ते पर ले जा रहा है। विदेशों में बैठे अपराधी अपने फायदे के लिए इन युवाओं का इस्तेमाल करते हैं और काम निकलने के बाद उन्हें अकेला छोड़ देते हैं। इसका खामियाजा केवल युवा ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और पूरा परिवार भुगतता है।
पंजाब गुरुओं, पीरों और योद्धाओं की धरती है। यहां की युवा पीढ़ी को अपनी विरासत पर गर्व करते हुए मेहनत और ईमानदारी का रास्ता अपनाना चाहिए। मेहनत की कमाई में ही असली बरकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए समाज और पुलिस उनके साथ खड़ी है।
क्राइम हॉटस्पॉट्स का दौरा करेंगे पुलिस अधिकारी
युवाओं को जागरूक करने के लिए सेमिनार और अभियान चलाने के सवाल पर सीपी ने बताया कि पंजाब में पब्लिक आउटरीच और ‘संपर्क’ जैसे कार्यक्रम पहले से संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए वह खुद अधिकारियों के साथ उन इलाकों का दौरा करेंगे, जहां अपराध की घटनाएं अधिक सामने आती हैं। पदभार संभालने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। साथ ही मीडिया और आम नागरिकों से मिलने वाले सुझावों को भी गंभीरता से लिया जाएगा









