2026 Asian Games : भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में हराया, गोल्ड मेडल किया अपने नाम

भारत ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीत लिया है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रन बनाए।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीत लिया है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, पाक कप्तान से हाथ नहीं मिलाया
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। इस दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने पाकिस्तानी कप्तान साहिबजादा फरहान से हाथ नहीं मिलाया।

बल्लेबाजी के लिए आई भारतीय टीम को सलामी जोड़ी वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने दो ओवर्स में ही 28 रन बना डाले। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 छक्के लगाए।

अभिषेक और तिलक वर्मा ने लगाई फिफ्टी
इसके बाद अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ तेजी से रन बनाने शुरू किए। अभिषेक शर्मा ने 20 गेदों पर फिफ्टी लगाई। हालांकि संजू सैमसन, कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन कुछ ज्यादा कमाल नहीं कर पाए। पर आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने तेज तर्रार पारी खेलते हुए अर्धशत लगाया और टीम के स्कोर को 211 तक पहुंचाया।

हसन नवाज की 96 रन की पारी नहीं आई काम
212 रन का पीछा करने आई पाकिस्तान टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। कप्तान साहिबजादा फरहान 10 रन पर आउट हो गए। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे, हालांकि हसन नवाज और सैइम अयूब की फिफ्टी पार्टनरशिप ने टीम को संभाला। पर सैइम अयूब के आउट होने के बाद दबाव बढ़ता गया। हसन नवाज ने 51 गेंदों पर 96 रन की पारी खेली, पर वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *