जालंधर में 4 साल का मासूम 12 घंटे में बरामद, स्कूटी सवार दो युवक बच्चे को ले गए थे

In Jalandhar, a 4-year-old child was recovered within 12 hours; two youths on a scooter had abducted the child.

जालंधर: बस्ती बावा खेल इलाके से लापता हुए 4 साल के मासूम केशव को कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने करीब 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की जांच और स्थानीय लोगों व सोशल मीडिया के सहयोग से बच्चे को सुरक्षित तलाशकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

जालंधर वेस्ट के एसीपी आतिश भाटिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को दोपहर करीब 12 से 2 बजे के बीच थाना बस्ती बावा खेल के अंतर्गत इलाके में 4 वर्षीय केशव घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बच्चे को अपने साथ ले गए।

बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि दो व्यक्ति एक्टिवा पर बच्चे को अपने साथ लेकर गए थे। इसके बाद थाना बस्ती बावा खेल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तेज की तलाश

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बच्चे की तलाश के लिए कई पहलुओं पर काम शुरू किया। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। फुटेज से मिले सुरागों और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश अभियान तेज कर दिया।

करीब 12 घंटे की लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस को बच्चे को सकुशल बरामद करने में सफलता मिली। जरूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता और परिजनों को सौंप दिया गया।

शीतल अंगुराल भी परिवार से मिलने पहुंचे

बच्चे के लापता होने की सूचना के बाद बीजेपी नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल भी परिवार से मिलने पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी के मंत्री को लेकर सवाल भी उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *