अमृतसर में गुरुवार देर रात ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना गेट हकीमां में तैनात ASI हरजीत सिंह करीब रात 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
गोली लगने से ASI हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
परिवार को पंजाब सरकार देगी ₹1 करोड़
पंजाब के DGP गौरव यादव ने ASI हरजीत सिंह की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से शोक संतप्त परिवार को ₹1 करोड़ की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।DGP ने कहा कि पंजाब पुलिस इस मुश्किल घड़ी में शहीद ASI के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उनका अंतिम संस्कार पूरे पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा।
HDFC बैंक की ओर से भी ₹1 करोड़ की बीमा राशि
ASI हरजीत सिंह के परिवार को HDFC बैंक की ओर से भी ₹1 करोड़ की बीमा राशि मिलने की जानकारी सामने आई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी लेकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।









