पंजाब के गुरदासपुर जिले में फतेहगढ़ चूड़ियां-संगतपुरा मार्ग पर कोटला गुजरां और संगतपुरा गांव के बीच बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।
हादसे में 3 युवकों की मौत
मृतकों की पहचान गांव हरदोरवाल कलां निवासी प्रदीप सिंह (25), जगतार सिंह उर्फ जज मसीह (35) और संदीप सिंह (38) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मवेशियों का व्यापार करते थे और मोटरसाइकिल पर अमृतसर की ओर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि बाइक के हुए तीन टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही तेज रफ्तार इंडिगो कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के तीन टुकड़े हो गए और कार उसे करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। प्रदीप सिंह और जगतार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संदीप सिंह को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे अमृतसर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। तीनों मृतक शादीशुदा बताए जा रहे हैं।
कार सवारों पर मोबाइल और दस्तावेज ले जाने का आरोप
हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि जाते समय घायल युवकों के मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज भी ले लिए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में दो युवक, एक महिला और एक बच्चा सवार था। कार से सिल्वर फॉयल, अधजला 10 रुपये का नोट और कृपाण मिलने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने नशे की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के सीमा विवाद पर ग्रामीणों में रोष
हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठे। आरोप है कि मजीठा, फतेहगढ़ चूड़ियां और झंडेर पुलिस थानों के बीच सीमा विवाद के चलते करीब डेढ़ से दो घंटे तक शव सड़क पर पड़े रहे।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और सरपंच ने पुलिस, SSF और 112 की देरी पर नाराजगी जताई। बाद में थाना झंडेर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अज्ञात कार सवारों के खिलाफ केस दर्ज
थाना झंडेर के SHO नरेश कुमार के मुताबिक, मृतकों के परिजनों के बयान पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।









