अमृतसर के दुर्गायाना मंदिर में रील बनाने को लेकर विवाद, धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के प्राचीन और ऐतिहासिक दुर्गायाना मंदिर में बनाई गई एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को लेकर श्री श्री 1008 जगत गुरु स्वामी अशनील महाराज जी, काली सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरिद्वार ने गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर के अंदर लगातार रीलें बनाई जा रही हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया जा रहा है।

मंदिर परिसर में रील बनाने पर जताई नाराजगी
स्वामी अशनील महाराज ने कहा कि मंदिर परिसर के अंदर रील बनाने के दौरान पीछे हिंदी गाने लगाए जा रहे हैं। इस तरह की गतिविधियों से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। धार्मिक स्थलों की गरिमा और मर्यादा का हर हाल में ध्यान रखा जाना चाहिए। किसी धार्मिक स्थल के अंदर नाचते हुए वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करना धार्मिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

मंदिर कमेटी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
स्वामी अशनील महाराज ने दुर्गायाना मंदिर कमेटी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जब मंदिर परिसर में इस तरह की गतिविधियां हो रही थीं तो वहां मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों और प्रबंधकों ने इसे तत्काल क्यों नहीं रोका। दुर्गायाना मंदिर कमेटी के भीतर मतभेद चल रहे हैं और मंदिर की व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

मंदिर कमेटी को 15 दिन का अल्टीमेटम
स्वामी अशनील महाराज ने दुर्गायाना मंदिर कमेटी को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मंदिर परिसर के अंदर इस तरह की रीलें बनाने पर रोक लगाई जानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनकी ओर से बड़ा एक्शन लिया जाएगा। मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए मंदिर परिसर में रील बनाने से बचें। मर्यादा को भंग करने वाली गतिविधियां जारी रहती हैं तो कानूनी कार्रवाई भी करवाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *