ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित मशहूर D-Mart के बाहर देर रात दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। दिल्ली से आई पुलिस टीम एक आपराधिक मामले में फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पहुंची थी। टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर इलाके में घेराबंदी की और शॉपिंग कर रहे संदिग्ध को पकड़ भी लिया, लेकिन इसी बीच मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की प्राइवेट गाड़ी से शराब की बोतल और दो गिलासों में भरी शराब मिलने का मामला भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
दिल्ली पुलिस ने बिना सूचना दिए की कार्रवाई, आरोपी को शॉपिंग के दौरान पकड़ा
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के रोहिणी इलाके में चाकू से हमला करने की एक घटना के संबंध में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज है। वारदात के बाद आरोपी जालंधर आ गया था। दिल्ली पुलिस की टीम फरार आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए मॉडल टाउन पहुंची थी। लोकेशन D-Mart के आसपास मिलने के बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की और शॉपिंग कर रहे संदिग्ध को काबू कर लिया।
पुलिस कार्रवाई का विरोध, भीड़ के बीच बाइक छोड़कर भागा आरोपी
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस जैसे ही आरोपी को अपने साथ ले जाने लगी, वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताते हुए शोर मचाया। मौके पर हंगामा बढ़ने के बीच आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से दिल्ली नंबर की बाइक DL 11 PJ 2192 बरामद की है।
महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्केशाही के आरोप
घटना के दौरान एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्केशाही किए जाने के आरोप लगाए। मौके पर मौजूद बच्चों के चिल्लाने की बात भी सामने आई। हंगामे के कारण आसपास के लोग भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और पुलिस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
दिल्ली पुलिस की प्राइवेट गाड़ी में मिली शराब
इस पूरे घटनाक्रम के बीच दिल्ली पुलिस द्वारा इस्तेमाल की जा रही प्राइवेट गाड़ी की तलाशी लेने पर शराब की एक बोतल और दो गिलासों में भरी शराब मिलने की बात सामने आई। ऑन-ड्यूटी पुलिस टीम के इस्तेमाल में शामिल गाड़ी से शराब मिलने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, शराब किसकी थी और किन परिस्थितियों में गाड़ी में रखी गई थी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पहले स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई सूचना
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की टीम ने कार्रवाई से पहले स्थानीय थाना-6 को सूचना नहीं दी थी। बाद में दिल्ली पुलिस ने थाना-6 की पुलिस को घटनाक्रम के बारे में बताया। थाना-6 की पुलिस ने शुरुआत में कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी (IO) से बातचीत के बाद स्थानीय पुलिस ने टीम को पूरा सहयोग दिया।









