अमृतसर में पता पूछने के बहाने घर से बाहर बुलाया और फिर… महिला सरपंच से बालियां छीनकर फरार

अमृतसर के गांव सैदोलाहल में दिनदहाड़े झपटमारी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर को अपना शिकार बनाया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के गांव सैदोलाहल में दिनदहाड़े झपटमारी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने बातों में उलझाकर महिला सरपंच के कानों से सोने की बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

पते और बातचीत के बहाने महिला सरपंच को घर के बाहर बुलाया
पीड़ित सरपंच अमरजीत कौर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे घर के अंदर मौजूद थीं और उनकी पोती बाहर एक्टिवा की सफाई कर रही थी। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो अनजान युवक उनके घर के सामने आकर रुके। युवकों ने पोती से सरपंच को बाहर बुलाने को कहा। जैसे ही अमरजीत कौर बाहर आईं, एक बदमाश बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा और दूसरे ने किसी का पता पूछने व मुर्गियों के बारे में बातचीत करने के बहाने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया।

बदमाशों से भिड़ गईं महिला सरपंच, धक्का-मुक्की के बाद आरोपी फरार
बातचीत के दौरान ही मौका ताड़कर आरोपी ने अचानक झपट्टा मारा और अमरजीत कौर के दोनों कानों की सोने की बालियां बलपूर्वक खींच लीं। इस अचानक हुए हमले के बावजूद महिला सरपंच ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि, धक्का-मुक्की के दौरान वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जिसका फायदा उठाकर दोनों लुटेरे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार होकर आसानी से रफूचक्कर हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *