ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा के कैलगरी शहर में दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली और ताबड़तोड़ गोलीबारी की वारदातों के तार भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़ते दिख रहे हैं। कैलगरी पुलिस ने जांच के दौरान 16 आरोपियों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ 56 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं।
स्टूडेंट और वर्क वीज़ा पर आए थे सभी आरोपी
इनमें से 15 आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक कर दी गई हैं। पुलिस ने साफ किया कि गिरफ्तार या नामजद आरोपियों में से कोई भी कनाडाई नागरिक नहीं है। ये सभी आरोपी मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं और कनाडा में स्टूडेंट या वर्क वीजा पर आए थे। पंजाब में माता-पिता अपनी जमीनें बेचकर और भारी कर्ज लेकर बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए विदेश भेजते हैं, लेकिन वहां रोजगार न मिलने पर पैसे कमाने की होड़ में युवा गैंगस्टरों के जाल में फंसकर अपराध की राह पकड़ लेते हैं।

जमानत पर छूटे 15 आरोपी, एक के खिलाफ वारंट जारी
जांच में सामने आई गंभीर आपराधिक वारदातों के बावजूद 16 में से 15 आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है, जबकि केवल एक आरोपी फिलहाल जेल में बंद है। वहीं, 22 साल के जरमनजीत सिंह नाम के एक अन्य आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। आरोपियों के इतनी आसानी से जमानत पर बाहर आ जाने से कैलगरी पुलिस ने गहरी चिंता जताई है।
कैलगरी पुलिस की तरफ से जारी किए आरोपियों के नाम
पुलिस की तरफ से जारी आधिकारिक सूची में रवजोत तूर (20), जसकरण सिंह उर्फ जस्सी बुट्टर (21), करणबीर सिंह उर्फ करण सिंह (21), अमनदीप सिंह उर्फ शिवा सिंह (21), अनुराग सिद्धू (21), इशानदीप सिंह (19), अमनदीप मल्ली (39), संदीप सिंह उर्फ हरमन गिल (32), दक्ष गौतम (25), आकाशदीप सिंह (19), गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी सिंह (29), प्रदीप सिंह (24), तरनवीर सिंह (24) और गुरकरण धालीवाल (21) शामिल हैं।









