ख़बरिस्तान नेटवर्क, लुधियाना : लुधियाना की पुलिस के साथ खन्ना में मारपीट की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक खन्ना के मलौद गांव कुलाहड़ में पुलिस रेड करने गई थी। इस दौरान पुलिस के साथ बदसलूकी की गई और यहां तकि कि पुलिस की वर्दी फाड़ दी गई। वहीं ड्राइवर का फोन भी तोड़ दिया गया।
चोरी केस में पुलिस को मिले थे सुराग
जानकारी के मुताबिक जमालपुर के गांव रामगढ़ में कुछ दिनों पहले मनजिंदर सिंह के घर चोरी हो गई थी। पुलिस ने मनजिंदर सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया। इस केस में पुलिस के हाथ सुराग लगे थे, जिनके आधार पर रामगढ़ चौकी से ASI बरिंदरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी कुलाहड़ गांव में रेड करने गई थी।
मलौद थाने में दी गई आरोपियों के खिलाफ शिकायत
सतवंत सिंह, सिमरनजीत सिंह मिठ्ठू और कुलविंदर कौर समेत कुछ अन्य लोगों ने पुलिस को घेर लिया। ड्राइवर खुशदेव सिंह से मारपीट की गई। मोबाइल तोड़ दिया गया। होमगार्ड जवान कुलवीर चंद के साथ धक्का मुक्की करते हुए वर्दी के बटन तोड़ दिए गए। सिपाही हरजिंदर सिंह से भी धक्का मुक्की की गई। मलौद थाना में सतवंत सिंह, सिमरनजीत सिंह, कुलविंदर कौर तथा 3 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया।