पंजाब में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार दूसरे दिन तापमान में औसतन 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। जिसके कारण मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। रविवार शाम को फरीदकोट में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 26 जून से लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम बदलने वाला है। कल शाम से कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 26 और 27 जून को बारिश का अनुमान जताया गया है। 28 जून से पंजाब में भी मॉनसून एक्टिव होने जा रहा है। इसलिए अगले कुछ हफ्तों तक पंजाब में ठंडा मौसम बना रहेगा।वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अगले चार दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में प्री-मानसून बारिश
राजधानी दिल्ली में मानसून के आगमन से पहले बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को भी दिल्ली में गरज के साथ बारिश की आशंका जताई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून देश के आधे से ज्यादा हिस्से तक पहुंच चुका है। रविवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई और पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। इससे तापमान 40 डिग्री से नीचे चला गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री दर्ज किया गया।
अन्य राज्यों के मौसम का हाल
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान तटीय कर्नाटक और केरल में भारी बारिश होने की संभावना है। कोंकण और गोवा, दक्षिण गुजरात, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ भारी बारिश हो सकती है।