ख़बरिस्तान नेटवर्क : पास्टर बजिंदर सिंह को मोहाली कोर्ट में उम्र कैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने यह सजा रेप केस में सुनाई है। 28 मार्च को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पास्टर को दोषी करार दिया था और सजा के लिए 1 अप्रैल की तारीख तय की थी। जिसके बाद आज कोर्ट का फैसला आया है। पास्टर के खिलाफ साल 2018 में ज़ीरकपुर की महिला ने रेप का केस दर्ज करवाया था।
विदेश सेटल करने के बहाने किया रेप
पास्टर बजिंदर सिंह के खिलाफ पीड़िता ने साल 2018 में आरोप लगाया था कि विदेश में सेटल करने के बहाने वह उसे अपने घर ले गया। इस दौरान उसने रेप किया और वीडियो बनाई। इसके साथ ही उसने धमकी भी दी कि अगर वह इसके बारे में किसी को बताएगी तो वह इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा।
पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से किया था अरेस्ट
रेप के मामले में पुलिस ने साल 2018 में पास्टर बजिंदर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट अरेस्ट किया था। पर बाद में बजिंदर सिंह जमानत पर जेल से बाहर आ गया। इसी साल मार्च महीने में कोर्ट ने बजिंदर और 5 अन्य आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे।
बाकी आरोपी बरी, पास्टर दोषी करार
28 मार्च को रेप केस में हुई सुनवाई में बजिंदर सिंह को मोहाली कोर्ट ने दोषी करार दे दिया। हालांकि इस मामले में अन्य 5 आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया। जिसमें पादरी जतिंदर कुमार और अकबर भट्टी, राजेश चौधरी, सितार अली व संदीप पहलवान हैं।
5 करोड़ रुपए की दी थी ऑफर
वहीं पीड़ित महिला के पति का कहना है कि पास्टर बजिंदर सिंह ने उन पर केस वापिस लेने का दबाव बनाया था। उन्होंने क्रॉस केस दर्ज करवाया और डराने की भी कोशिश की। जब बात नहीं बनी तो उन्होंने 5 करोड़ रुपए का ऑफर भी दिया, जिसे हमने ठुकरा दिया।
मारपीट के भी लगे हैं आरोप
दरअसल बीते दिनों भी पास्टर बजिंदर सिंह की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। वायरल हो रही सीसीटीवी फुटेज 6 मिनट 17 सेकेंड की है। जिसमें पादरी अपने ऑफिस में बैठे हुए हैं और गुस्से में सामने बैठे युवक पर कुछ फेंकते हैं। फिर अपनी कुर्सी से उठकर सामने बैठे युवक को थप्पड़ जड़ देते हैं। इस दौरान पादरी गुस्से में आकर महिला पर कुछ फेंकते हैं और उसे कुर्सी उठाकर सामने आ जाता है। जिसके बाद पादरी महिला को थप्पड़ मार देता है। ये वीडियो इसी साल के 14 फरवरी दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट की बताई जा रही है।
बदनाम करने की कोशिश -चर्चकर्मी
वहीं वायरल वीडियो को लेकर चर्चकर्मी भी सामने आए थे। महिला का कहना है कि पास्टर ने किसी को नहीं मारा। पास्टर को बदनाम करने के लिए यह सब किया जा रहा है। उनके खिलाफ प्रोपगैंडा किया जा रहा है। वीडियो पूरी तरह से फेक है और किसी को मारा नहीं गया है। कुछ लोग जानबूझ कर ऐसा कर रहे हैं।
यौन उत्पीड़न का भी मामला हो चुका है दर्ज
इससे पहले भी पास्टर महिला ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पीड़ित महिला ने बताया कि 2022 में उसने मुझे रविवार के दिन चर्च में कैबिन में अकेले बिठाना शुरू कर दिया। जब-जब वह कैबिन में अकेली होती थी, तो यह कैबिन में आकर उसे गलत तरीके से छूता था। जिससे वह बुरी तरह से डरी हुई है। उसने अंदेशा जताया कि ये हमें मरवा देगा। यदि उसे व उसके माता-पिता, पति और भाई को कुछ भी जान-माल का नुकसान हुआ तो इसका जिम्मेवार बरजिंदर सिंह और अवतार सिंह होंगे।
मेरे खिलाफ प्रोपेगैंडा चलाया जा रहा -पास्टर
वहीं पास्टर बजिंदर सिंह अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को नकारते आए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी आरोप लगाए हैं वह सभी बेबुनियाद हैं। आरोपों में कोई भी सच्चाई नहीं है और मन गढ़ंत कहानी बनाई गई है। मेरे खिलाफ प्रोपगैंडा तैयार किया जा रहा है।