ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। चिलचिलाती धूप के कारण पारा 34 डिग्री के पार चला गया था, लेकिन इसी बीच मौसम में अचानक बदलाव आया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है और हल्की ठंड का भी एहसास हो रहा है। मौसम में यह बदलाव जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के बाद देखने को मिला, जिसके चलते मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आई है।
30 के बाद फिर बदलेगा मौसम
राज्य में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिल रही है। ऐसा मौसम दो दिनों तक बना रह सकता है। 30 मार्च के बाद तापमान में फिर 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान पंजाब के कुछ जिलों में आज धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
तापमान 5.7 डिग्री गिरा
पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 5.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालाकि, यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है। राज्य में सबसे अधिक तापमान गुरदासपुर में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बता दें कि मौसम विभाग ने 29 मार्च के लिए चेतावनी जारी की है कि आज से धूल भरी आंधी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि पंजाब के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
गरज के साथ होगी भारी बारिश
साथ ही पाकिस्तान में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की खूबसूरत वादियों में बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि वहां भारी बारिश होगी। दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। इस चक्रवाती तूफान का असर पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। इस दौरान गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है।