ख़बरिस्तान नेटवर्क : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर चंडीगढ़ में अहम बैठक हुई। यह बैठक अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें दोनों पार्टियों की गठबंधन कोऑर्डिनेशन कमेटी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में पंजाब चुनाव की तैयारियों, चुनाव प्रचार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
चुनावी कैंपेन और प्रधानमंत्री की रैली पर हुई चर्चा
बैठक के बाद सुखबीर सिंह बादल ने बताया कि लंच के दौरान चुनावी कैंपेन और प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने परिसीमन (डिलिमिटेशन) संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों के प्रति अपना समर्थन भी स्पष्ट किया है।
भाजपा ने कहा- गठबंधन में कोई गतिरोध नहीं
भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने बैठक के बाद कहा कि दोनों पार्टियों के बीच फिलहाल किसी तरह का कोई गतिरोध नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को लेकर भी जानकारी साझा की। सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री को पंजाब आने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री 8 दिसंबर को पंजाब पहुंचेंगे। उनके दौरे को आगामी चुनावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बैठक में दोनों दलों के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा और अनिल सरीन शामिल हुए। वहीं शिरोमणि अकाली दल की ओर से अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के अलावा बलविंदर सिंह भुंडर, दलजीत सिंह चीमा, बंटी रोमाना और सिकंदर सिंह मलूका मौजूद रहे। बैठक के बाद दोनों दलों की ओर से गठबंधन में किसी तरह के मतभेद से इनकार किया है।









