पीने के पानी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। देश की जानी-मानी पैकेज्ड वाटर कंपनी बिसलेरी के पानी के सैंपल में खतरनाक बैक्टीरिया मिलने का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दे दी है।
जानकारी के मुताबिक, पानी के सैंपल की जांच पहले प्राथमिक लैब में हुई और फिर रेफरल लैब में भी बैक्टीरिया की पुष्टि हुई। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया आमतौर पर सीवेज के पानी या गंदे पाइपों के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है।
मामला बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 से जुड़ा है। इस बैच का निर्माण 20 जुलाई 2026 को हुआ था और इसकी एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 थी। जांच में बैक्टीरिया मिलने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। हालांकि, यह कार्रवाई कंपनी के सिर्फ एक बैच पर की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले गोवा में भी बिसलेरी के पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAH पाए जाने का मामला सामने आया था। उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी।
वहीं, FSSAI के CEO राजित पुनहानी के मुताबिक, देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल लेकर जांच की जा रही है। यह प्रक्रिया अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी जांच तेज करने और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरी तरफ, बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। कंपनी का कहना है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए उत्पादन के दौरान 10 चरणों में 90 से ज्यादा बार टेस्ट किए जाते हैं। कंपनी ने पानी की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है।









