ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के रोपड़ में वीरवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भरतगढ़ के पास सरसा नंगल की उतराई पर रेत से भरा एक ओवरलोड टिप्पर अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार टिप्पर ने आगे चल रहे 5 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद टिप्पर दिल्ली नंबर की एक स्विफ्ट कार के ऊपर पलट गया। भारी टिप्पर के नीचे कार पूरी तरह दब गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई।
5 वाहनों को मारी टक्कर, स्विफ्ट कार पर पलटा टिप्पर
जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। रेत से लदा टिप्पर भरतगढ़ के पास सरसा नंगल की उतराई से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टिप्पर ने आगे चल रही पांच गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टिप्पर दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार पर पलट गया। हादसे की जोरदार टक्कर में दो से तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए बुलाई JCB
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। टिप्पर के नीचे कार दबने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कार को टिप्पर के नीचे से निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। इस भीषण हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों के सड़क पर होने के कारण यातायात प्रभावित रहा। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।









