ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर नीटू शटरांवाले ने भी कमर कस ली है। नीटू शटरांवाले ने पंजाब की 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। नीटू ने ‘चुम्मे वाली भाभी’ के नाम से मशहूर रणजीत कौर को अपनी पार्टी में शामिल करवाते हुए उनकी राजनीतिक एंट्री करवाई। इस दौरान नीटू शटरां वाला और उनकी टीम ने आगामी चुनावों, उम्मीदवारों को टिकट देने की प्रक्रिया और पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात पर खुलकर अपनी बात रखी। साथ ही उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म को लेकर भी दिलचस्प खुलासा किया।
117 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा
नीटू शटरांवाला ने कहा कि लोग अब बदलाव चाहते हैं और चाहते हैं कि उनके 117 उम्मीदवार जल्द विधानसभा पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके गुरुओं का संदेश ‘बेगमपुरा बसाओ’ है और इसी सोच के साथ ‘श्री गुरु रविदास समाज पार्टी बेगमपुरा सांझा फ्रंट’ काम कर रहा है। आज उनकी पार्टी का इंडिया प्रजा पार्टी के साथ गठजोड़ हुआ है, जिसका उद्देश्य भी बेगमपुरा बसाना है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 20 उम्मीदवारों की सूची/आवेदन आ चुके हैं और 20 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए गए हैं।
आम लोगों को टिकट देने की घोषणा
टिकट वितरण को लेकर नीटू शटरांवाला ने कहा कि जिन्हें भी चुनाव लड़ना है, चाहे वह रिक्शा चलाता हो, पंक्चर लगाता हो, पेट्रोल पंप पर काम करता हो या कोई भी छोटा-बड़ा काम करता हो, वे उनसे टिकट लेकर चुनाव लड़ सकते हैं। जमीनी स्तर से उठने वाला गरीब व्यक्ति गलत काम नहीं करता, बल्कि बड़े लोग ऐसा करते हैं।
नीटू दो जगह से लड़ेगा चुनाव
नीटू शटरांवाला ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कमिश्नर को जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अक्सर घटना होने के बाद ही कार्रवाई की जाती है। इस दौरान उन्होंने चिंकू शीशियां वाले, सरदार सुच्चा सिंह और परमजीत सिंह सहित अन्य साथियों का भी जिक्र किया। चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि वे दो जगहों से चुनाव लड़ेंगे एक जालंधर से और दूसरी सीट पर बड़े नेताओं के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।









