पुलिस चौकी से महज़ 50 कदम दूर चलीं गोलियां : 4 युवकों का मर्डर, गैंगवार का शक

हरियाणा के रोहतक में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : हरियाणा के रोहतक में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने अचानक होटल में पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब 30 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

खाना खाते समय हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, चारों युवक खरावड़ गांव के मिलन होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग से होटल में अफरा-तफरी मच गई। हमले में चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीन के बाबा गैंग से जुड़े होने का दावा
इस सामूहिक हत्याकांड में मारे गए युवकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22), यश उर्फ गंजू (22) और बेरी निवासी हिमांशु (26) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मृतकों में से तीन युवक बाबा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, चौथे युवक हिमांशु का किसी गैंग से संबंध होने की बात सामने नहीं आई है।

हिमांशु भाऊ गैंग पर फायरिंग का आरोप
इस वारदात के पीछे हिमांशु भाऊ गैंग के बदमाशों का हाथ होने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 30 राउंड फायरिंग की। हालांकि, वारदात को लेकर पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सोशल मीडिया पोस्ट डालकर ली जिम्मेदारी
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें भाऊ गैंग की तरफ से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दो हत्याओं का बदला लेने की बात भी कही गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *