अब चिप्स, कोल्ड ड्रिंक्स पर भी लिखी होगी वार्निंग, सुप्रीम कोर्ट ने जारी किए आदेश

खाने-पीने की पैकेट बंद चीजें खरीदने से पहले अब ग्राहकों को यह समझना आसान हो सकता है कि कौन-सा प्रोडक्ट सेहत के लिए कितना नुकसानदायक है। सुप्रीम कोर्ट ने ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अलग-अलग लाल रंग के वॉर्निंग सिंबल लगाने के निर्देश दिए हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : खाने-पीने की पैकेट बंद चीजें खरीदने से पहले अब ग्राहकों को यह समझना आसान हो सकता है कि कौन-सा प्रोडक्ट सेहत के लिए कितना नुकसानदायक है। सुप्रीम कोर्ट ने ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अलग-अलग लाल रंग के वॉर्निंग सिंबल लगाने के निर्देश दिए हैं। इन निशानों के जरिए ग्राहकों को साफ तौर पर बताया जाएगा कि संबंधित प्रोडक्ट में किस चीज की मात्रा तय सीमा से अधिक है।

कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस संबंध में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मामले की सुनवाई जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने की।

छह कोनों वाले लाल निशान से मिलेगी खतरे की जानकारी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, जिन खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक या फैट की मात्रा ज्यादा होगी, उनके पैकेट पर अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। ये निशान छह कोनों वाले होंगे और लाल रंग में दिखाई देंगे। हर निशान पर संबंधित सामग्री की तस्वीर के साथ स्पष्ट रूप से ‘हाई शुगर’, ‘हाई सॉल्ट’ या ‘हाई फैट’ लिखा होगा। इससे ग्राहक किसी भी प्रोडक्ट को खरीदने से पहले पैकेट देखकर ही समझ सकेंगे कि उसमें किस पोषक तत्व की मात्रा अधिक है।

चीनी और फैट की मात्रा जांचने का आधार भी तय
कोर्ट ने खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी और फैट की मात्रा का आकलन करने के लिए स्पष्ट आधार अपनाने को कहा है। चीनी की मात्रा निर्धारित करने के लिए कुल शुगर (Total Sugar) को आधार बनाया जाएगा, जबकि फैट के मामले में सैचुरेटेड फैट (Saturated Fat) को ध्यान में रखा जाएगा।

FSSAI वैज्ञानिक जांच के बाद तय करेगा नई सीमाएं
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि चीनी, नमक और फैट की अधिकतम मात्रा तय करने के लिए वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया जाए। इसके आधार पर इन खाद्य पदार्थों के लिए निर्धारित सीमाओं की दोबारा समीक्षा की जाए और नई सीमा तय की जाए। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को खाद्य पदार्थों की सही जानकारी देना और उन्हें खरीदारी के दौरान सोच-समझकर फैसला लेने में मदद करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *