पंजाब के पठानकोट से ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां फेसबुक पर ‘स्टेप काउंटिंग’ ऐप डाउनलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया। ऐप डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर ठगों ने उसके अलग-अलग बैंक खातों से करीब 1 लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए।पीड़ित की शिकायत के बाद थाना साइबर क्राइम पठानकोट की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर दिखा था ऐप डाउनलोड करने का लिंक
पुलिस को दी शिकायत में गांव बखनूर, थाना तारागढ़ निवासी रोहित ने बताया कि 22 नवंबर 2026 को वह अपने घर पर मोबाइल में फेसबुक चला रहा था। इसी दौरान उसकी स्क्रीन पर ‘स्टेप काउंटिंग’ ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया। ऐप की जानकारी लेने के बाद उसने उसे डाउनलोड करने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया।
ऐप डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, ऐप डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और अलग-अलग बैंक खातों से कई अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर करीब 1.38 लाख रुपये निकाल लिए।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
ठगी का पता चलने पर युवक ने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस नंबर 41 दर्ज किया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर अमित सिंह कर रहे हैं।
अनजान APK फाइल और लिंक से रहें सावधान
इस घटना के बाद साइबर विशेषज्ञों और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर दिखने वाले अनजान विज्ञापनों, APK फाइलों और थर्ड-पार्टी ऐप को डाउनलोड करने से बचें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करें।









