मिस्र में भीषण सड़क हादसा! तेल टैंकर में धमाके के बाद 24 से ज्यादा गाड़ियां जलीं, 31 लोगों की मौ/त

Horrific road accident in Egypt! More than 24 vehicles burned after oil tanker explodes

मिस्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। राजधानी काहिरा के पास बुधवार रात एक तेल टैंकर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और हाईवे पर दौड़ रहीं कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में 24 से ज्यादा कारें और बाइक जलकर खाक हो गईं, जबकि 31 लोगों की मौत हो गई और 21 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। इसके बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और आग तेजी से आसपास खड़ी और गुजर रही गाड़ियों तक फैल गई। आग की लपटों के बीच कई लोग अपनी गाड़ियों में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

39 एम्बुलेंस बचाव कार्य में लगाई गईं

हादसा काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बचाव कार्य के लिए 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हादसे में 31 लोगों की मौत और 21 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हादसे के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी

टैंकर में धमाके और आग लगने की पूरी घटना एक कार के डैशकैम में भी कैद हुई है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कई वाहन जलकर राख हो गए। फिलहाल दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और सड़क से जली हुई गाड़ियों का मलबा हटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *