ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिग्गज टेक कंपनी Apple की कई डिजिटल सर्विस बुधवार रात अचानक ठप हो गईं। अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में कंपनी की क्लाउड, पेमेंट, म्यूजिक और ऐप स्टोर जैसी सेवाओं में तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। भारतीय समयानुसार रात के समय शुरू हुई इस परेशानी के चलते लाखों यूजर्स को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने डिवाइस में लॉगइन करने से लेकर ऑनलाइन पेमेंट और ऐप डाउनलोड करने तक में परेशानी आई।
Apple का दुनियाभर में बड़ा यूजरबेस है और करोड़ों लोग रोजाना कंपनी की डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में एक साथ कई सर्विस प्रभावित होने से बड़ी संख्या में यूजर्स का कामकाज प्रभावित हुआ। यूजर्स ने सोशल मीडिया पर भी अपनी शिकायतें साझा कीं।
Downdetector पर यूजर्स ने दर्ज की शिकायतें
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector पर Apple की अलग-अलग सर्विस में आ रही समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। यूजर्स ने बताया कि उन्हें iCloud, App Store और Apple Pay समेत कई सेवाओं का इस्तेमाल करने में दिक्कत हो रही है।
कई यूजर्स ने लॉगइन एरर, सर्विस एक्सेस नहीं होने और ऐप डाउनलोड करने में परेशानी की शिकायत की। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन सभी सेवाओं के प्रभावित होने का असर अलग-अलग यूजर्स और क्षेत्रों में अलग हो सकता है।
iCloud से लेकर Apple Music तक ये सर्विस हुईं प्रभावित
आउटेज के दौरान Apple की कई अहम सेवाओं में परेशानी सामने आई। इनमें iCloud, App Store, Apple Pay, Apple Support, Apple Music, iPhone Activation और Apple Store Connect शामिल हैं। Apple के डेवलपर्स भी इस आउटेज से प्रभावित हुए। उन्हें Apple Store Connect प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में समस्याओं का सामना करना पड़ा।
एक हफ्ते में अमेरिका में चौथी बार डिजिटल सर्विस प्रभावित
अमेरिका में पिछले एक सप्ताह के दौरान डिजिटल सेवाओं के ठप होने का यह चौथा बड़ा मामला बताया जा रहा है। इसकी शुरुआत पिछले गुरुवार रात Microsoft की सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी से हुई थी। इसके बाद एयरलाइंस के कम्युनिकेशन सिस्टम में परेशानी सामने आई।
वहीं, मंगलवार को अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था। अब Apple की कई सेवाओं में आई तकनीकी दिक्कत ने यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के चलते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑनलाइन सेवाओं की निर्भरता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।









