‘दाऊद इब्राहिम’ (दानिश इकबाल) ख़बरिस्तान ऑफिस पहुंचे

फिल्म 'धुरंधर' में दाऊद इब्राहिम के किरदार से सुर्खियां बटोरने वाले दिग्गज अभिनेता दानिश इकबाल इन दिनों अपनी दमदार अदाकारी को लेकर हर तरफ छाए हुए हैं। इससे पहले एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज 'संकल्प' में भी उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : फिल्म ‘धुरंधर’ में दाऊद इब्राहिम के किरदार से सुर्खियां बटोरने वाले दिग्गज अभिनेता दानिश इकबाल इन दिनों अपनी दमदार अदाकारी को लेकर हर तरफ छाए हुए हैं। इससे पहले एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज ‘संकल्प’ में भी उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था। जालंधर में ‘ख़बरिस्तान’ ऑफिस पहुंचे दानिश इकबाल ने अपने 30 साल लंबे फिल्मी और रंगमंच के सफर से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं को साझा किया।

इलाहाबाद के थिएटर से शुरू हुआ सफर, NSD और लंदन से ली एक्टिंग की तालीम
दानिश इकबाल बताते हैं कि उन्होंने बहुत ही कम उम्र से अभिनय की शुरुआत कर दी थी। इलाहाबाद में अपने पहले गुरु सचिन तिवारी के मार्गदर्शन में उन्होंने बेहद अनुशासन के साथ रंगमंच को जिया। इसके बाद अभिनय की बारीकियां सीखने के लिए वे दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) पहुंचे और वहां से 3 साल का डिप्लोमा पूरा किया। NSD की पढ़ाई के बाद उन्हें प्रतिष्ठित ‘चार्ल्स वालेस’ (Charles Wallace) स्कॉलरशिप मिली, जिसकी बदौलत वे इंग्लैंड गए और लंदन से एक्टिंग में मास्टर्स (MA) की डिग्री हासिल की।

रेडियो और वॉइस आर्टिस्ट के तौर पर भी किया काम, अब हैं एक्टिंग कोच

थिएटर के मंच पर अपनी मजबूत पकड़ बनाने के बाद दानिश ने रेडियो प्ले और वॉइस आर्टिस्ट के रूप में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। पिछले तीन दशकों से इंडस्ट्री में सक्रिय दानिश मानते हैं कि उनका यह सफर एक नदी की तरह लगातार बहता चल रहा है। अभिनय के साथ-साथ वे एक एक्टिंग कोच भी हैं और नए कलाकारों को अभिनय के गुर सिखाते हैं। उनका मानना है कि जब आप छात्रों को सिखाते हैं, तो खुद भी बहुत कुछ नया सीखते हैं।

मां से मिली प्रेरणा, कभी नहीं आया अभिनय छोड़ने का ख्याल
उतार-चढ़ाव भरे इस करियर में कभी हार मानने के सवाल पर दानिश स्पष्ट कहते हैं कि उन्होंने इस नोबल पेशे को अपने शौक और जुनून की वजह से चुना है, इसलिए इसे छोड़ने का ख्याल कभी मन में नहीं आया। वे अपनी सफलता और सकारात्मक सोच का श्रेय अपनी मां को देते हैं। चूंकि उनकी मां खुद भी रंगमंच से जुड़ी रही हैं, इसलिए वे एक कलाकार के जीवन के संघर्षों को बखूबी समझती थीं और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहीं।

‘महारानी’ से ‘धुरंधर’ तक, फिल्मों और ओटीटी पर छोड़ी अमिट छाप

सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रहने वाले दानिश इकबाल का काम ही उनकी असली पहचान है। उन्होंने ‘ए माइटी हार्ट’, ‘साधो’, ‘ग्रैंड फेस्टिवल’, ‘हक’ और ‘फराज’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ ‘अरण्यक’, ‘महारानी’, ‘महारानी 2’, ‘द हंट’, ‘आखिरी सच’, ‘गर्मी’ और ‘संकल्प’ जैसी चर्चित वेब सीरीज में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। दानिश का मानना है कि एक कलाकार का असली संघर्ष हर दिन खुद को पहले से बेहतर साबित करने का होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *