टिकट कटने की अटकलों पर AAP MLA अनमोल गगन मान ने तोड़ी चुप्पी, दिया यह बयान

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने चुनाव न लड़ने और टिकट कटने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर साफ कर दिया है कि पार्टी ने उनका टिकट नहीं काटा, बल्कि उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने चुनाव न लड़ने और टिकट कटने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर साफ कर दिया है कि पार्टी ने उनका टिकट नहीं काटा, बल्कि उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। अनमोल गगन मान के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में चल रही अटकलों पर नई चर्चा शुरू हो गई है।

केजरीवाल को बता दिया था अपना फैसला
अनमोल गगन मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा किउनकी चुप्पी के कारण चुनाव न लड़ने को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही थीं। इसी वजह से उन्होंने अब पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के दौरान ही उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। यानी पार्टी की ओर से टिकट को लेकर कोई फैसला किए जाने से पहले ही वह अपना रुख स्पष्ट कर चुकी थीं।

तीन दिन पहले फिर केजरीवाल का आया फोन
विधायक ने अपनी पोस्ट में यह भी खुलासा किया कि करीब तीन दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने उन्हें फोन किया था। इस दौरान केजरीवाल ने दोबारा पूछा कि क्या वह वास्तव में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं। केजरीवाल ने उन्हें सलाह दी कि वह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर दें कि आम आदमी पार्टी ने उनका टिकट नहीं काटा है, बल्कि चुनाव से दूर रहने का फैसला उन्होंने खुद लिया है।

‘केजरीवाल फैसले से खुश नहीं थे’
अनमोल गगन मान ने अपनी पोस्ट में यह भी स्वीकार किया कि अरविंद केजरीवाल उनके चुनाव नहीं लड़ने के फैसले से खुश नहीं थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है और इसके पीछे पार्टी की ओर से टिकट काटे जाने जैसी कोई बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *