पंजाब के लुधियाना से फिरौती और धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके परिवार को 3 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकियां दी जा रही हैं। अज्ञात आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से प्रॉपर्टी डीलर और उसके भाई को फोन कर फिरौती मांग रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी ने वॉट्सऐप पर धमकी भरे मैसेज और वॉयस मैसेज भी भेजे हैं।
जानकारी के मुताबिक, न्यू शिवाजी नगर के रहने वाले शिकायतकर्ता दीपक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके और उनके भाई संदीप गुप्ता के मोबाइल फोन पर अलग-अलग समय पर अज्ञात नंबरों से कॉल आ रही हैं।
भारतीय और विदेशी नंबरों से आए कॉल
शिकायत के अनुसार, आरोपी भारतीय और विदेशी मोबाइल नंबरों से फोन कर 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांग रहा है। इसके अलावा 12 नवंबर को वॉट्सऐप के जरिए धमकी भरे मैसेज और वॉयस मैसेज भी भेजे गए हैं। फिलहाल धमकी देने वाले किसी गैंग से जुड़े हैं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।








